रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरे में उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। शाम को गोमती नगर के टंकी वाला पार्क में कार्यक्रम के बाद वे कैंट क्षेत्र के सूर्य ऑडिटोरियम में युद्ध नायकों और वीर नारियों को सम्मानित करेंगे। इसके बाद वे स्मृतिका वॉर मेमोरियल और लाइट एंड साउंड शो में भाग लेंगे।
इससे पहले राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रायसेन में ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का उद्घाटन किया। 11 से 13 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन की पहल कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की है। इसका उद्देश्य किसानों को ‘लैब टू फील्ड’ और ‘सीड टू मार्केट’ तक की पूरी जानकारी देना है।
इस महोत्सव में आधुनिक खेती की तकनीक, प्रशिक्षण, लाइव डेमो और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। 13 अप्रैल को समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे और रायसेन, विदिशा तथा सीहोर के लिए कृषि रोडमैप जारी किया जाएगा।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह महोत्सव किसानों के लिए गेम चेंजर साबित होगा और खेती में बदलाव की नई लहर शुरू होगी। इस आयोजन से किसानों को नई तकनीकों को अपनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।











