विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे और अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान UAE में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आभार जताया।
मुलाकात में दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान भी मौजूद रहे। इससे पहले शनिवार को जयशंकर ने UAE के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद से पश्चिम एशिया के बदलते हालात पर विस्तृत चर्चा की और भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प जताया। विदेश मंत्री ने भारतीय समुदाय से भी सीधा संवाद किया और मुश्किल हालात में उनके योगदान की सराहना की। UAE दौरे से पहले वह मॉरिशस में 9वें इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में हिस्सा ले चुके थे।











