भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के जीपी ब्लॉक और बेरीवाला बाग ब्लॉक में वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को मूलभूत सुविधाओं का अधिकार देता है और यह पहल उसी संकल्प को जमीन पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वार्ड संख्या 55, 56 और 57 में कुल 7 स्थानों पर ये वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं।
हर वाटर एटीएम प्रति घंटे 2,000 लीटर शुद्ध पानी उपलब्ध कराएगा और 5-स्टेज आरओ तकनीक से 3,000 टीडीएस तक शुद्धिकरण करेगा। 24 घंटे सातों दिन निगरानी सुनिश्चित की जाएगी और वाटर एटीएम कार्ड के जरिए हर व्यक्ति को रोजाना 20 लीटर पेयजल मुफ्त मिलेगा। मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर नेशनल मेमोरियल में बाबा साहेब की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संघर्षमय जीवन और विचार सरकार की सेवा यात्रा के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सरकार दलितों, पिछड़े वर्गों और वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है और बाबा साहेब के ‘खुद को शिक्षित करो’ के आह्वान पर चलते हुए वंचित वर्गों के बच्चों के लिए आधुनिक शिक्षा के अवसर सुनिश्चित किए जा रहे हैं।











