दिल्ली सरकार ने पूर्व ओलम्पिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी को दिल्ली खेल विश्वविद्यालय का पहला कुलपति नियुक्त किया है। पूर्व भारत्तोलक सुश्री मल्लेश्वरी पहली भारतीय महिला हैं जिन्होंने सन दो हजार के सिडनी ओलम्पिक्स में कांस्य पदक जीता था।
एक ट्वीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में खेल विश्वविद्यालय खोले जाने का सपना साकार हो रहा है।
वहीं सुश्री मल्लेश्वरी ने ट्वीट संदेश में कहा है कि उनका प्रयास होगा कि देश में विश्वस्तरीय खिलाडी तैयार हों जो ओलम्पिक्स में भारत के लिए पदक जीतें।
इस बीच आंध्रप्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचन्दन ने खेल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किए जाने पर सुश्री मल्लेश्वरी को बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि आंध्रप्रदेश के सिरीकाकूलम जिले की रहने वाली कर्णम मल्लेश्वरी ने अपने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।