मनसुख मांडविया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड नियमों का पालन करने या राष्ट्र हित में इसे निलंबित करने को कहा। दोनों नेताओं को लिखे अलग-अलग पत्रों में मांडविया ने कहा कि यात्रा के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग सुनिश्चित किया जाए और केवल वही लोग इसमें शामिल हों जिनका टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा सांसदों के पत्र का हवाला दिया जिसमें यात्रा के कारण कोविड के कथित प्रसार पर चिंता व्यक्त की गई है।
इस बीच, कांग्रेस ने पत्र की आलोचना की है। संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मांडविया को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पसंद नहीं है, लेकिन लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा है कि वे कोविड के हर पॉजिटिव सैंपल को रोजाना आधार पर जीनोम जांच के लिए भेजें। जांच से पता चलेगा कि देश में कोविड वायरस का कोई नया रूप तो सामने नहीं आ रहा।