अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारतीय मूल के दो अमरीकियों को व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में नियुक्त किया है। श्री बाइडेन ने भारतीय अमरीकी सुश्री सुमोना गुहा को दक्षिण एशिया के लिए और तरुण छाबड़ा को प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए वरिष्ठ निदेशक नियुक्त किया है।
सुश्री सुमोना गुहा वर्तमान में अलब्राइट स्ट्रोनब्रिज ग्रुप में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने बाइडेन-हैरिस के राष्ट्रपति पद के चुनाव अभियान के दौरान दक्षिण एशिया विदेश नीति कार्यकारी समूह की अध्यक्षता की थी। ओबामा-बाइडेन प्रशासन के दौरान सुश्री गुहा ने उपराष्ट्रपति बाइडेन की राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की विशेष सलाहकार के रूप में सेवाएं दी थी। उन्होंने जॉन हॉप्किन्स और जॉर्ज डाउन विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली है।