नई संसद की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। इसे लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि नई संसद की शुरुआत के साथ ही भवन के कर्मचारी और मार्शल के ड्रेस कोड में बदलाव किया जाएगा।
कर्मचारियों की नई ड्रेस भारतीयता से प्रेरित होगी। दोनों सदनों में मौजूद रहने वाले मार्शल सफारी सूट की बजाए अब क्रीम रंग का कुर्ता और पजामा पहनेंगे। मार्शल मणिपुरी पगड़ी पहने हुए दिखाई दे सकते हैं। जबकि महिला कर्मचारी भी नई साड़ियों में नजर आ सकती हैं।
इसके अलावा पीजीडी की ड्रेस में भी बदलाव किया जाएगा। साथ ही महिला कर्मचारी नई डिजाइन की साड़ियां पहनेंगी। कर्मचारियों के नए पोशाक को निफ्ट ने डिजाइन किया है। इसके तहत सचिवालय के कर्मचारियों का बंद गला सूट से बदल कर मैजेंटा या गहरे गुलाबी रंग की नेहरु जैकेट कर दी जाएगी। उनके शर्ट भी गहरे गुलाबी रंग के होंगे, जिन पर कमल का फूल बना होगा और वे खाकी रंग की पैंट पहनेंगे। लोकसभा और राज्यसभा के मार्शल की ड्रेस भी बदली जा रही है। अब वे मणिपुरी पगड़ी पहनेंगे। संसद भवन के सुरक्षा कर्मचारियों की वेशभूषा भी बदली जाएगी।











