नरेंद्र मोदी ने आज यानी सोमवार, 28 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 51,000 से अधिक कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, यह रोजगार मेला देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया जहां प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े और 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।
इस दौरान उन्होनें कहा, कि युवा देश की सेवा करना चाहते हैं। मैं उन सभी को बधाई देता हूं जिन्हें आज नियुक्ति पत्र मिला है। मैं उन्हें इस अमृत काल में भारत के लोगों का ‘अमृत रक्षक’ कहता हूं। पीएमओ के मुताबिक, देशभर से चुने गए नए कर्मी गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी) और गैर-जनरल ड्यूटी कैडर पदों जैसे विभिन्न श्रेणी के पदों पर काम करेंगे।
बयान में कहा गया है कि सीएपीएफ के साथ-साथ दिल्ली पुलिस को मजबूत करने से इन बलों को आंतरिक सुरक्षा में सहायता करने, आतंकवाद का मुकाबला करने, आतंकवाद से निपटने, वामपंथी उग्रवाद रोधी कार्रवाई और देश की सीमाओं की रक्षा करने जैसी अपनी बहुआयामी भूमिकाओं को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।










