मध्य पूर्व में जारी अस्थिर हालात के बीचएयर इंडियाने विशेष अभियान चलाकर दुबई में फंसे 149 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश पहुंचाया। मंगलवार सुबह विशेष उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी।
एयरलाइन के अनुसार, फ्लाइटAI916Dसुबह 10:58 बजे (भारतीय समयानुसार) दिल्ली में सुरक्षित उतरी। पंजीकरण संख्याVT-EDCवाले इस विमान में 149 यात्री सवार थे, जो क्षेत्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई में अटके हुए थे। बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व संकट के दौरान किसी भारतीय एयरलाइन द्वारा संचालित यह पहली रेस्क्यू उड़ान है, जिसके जरिए फंसे यात्रियों को वापस लाया गया।
एयर इंडिया ने कहा कि उसका ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और सहयोगी टीमें लगातार चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, ताकि चुनौतीपूर्ण हालात में उड़ानों का संचालन संभव हो सके। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी संबंधित भारतीय और विदेशी अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय बनाए रखा गया।
एयरलाइन ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में सहयोग के लिए भारत सरकार,नागरिक उड्डयन महानिदेशालय(DGCA) और दुबई के स्थानीय अधिकारियों का आभार जताया।
एयर इंडिया ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है। कंपनी ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वीकृतियां मिलते ही दुबई सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त विशेष उड़ानें संचालित करने के विकल्पों पर काम कर रही है।
यह अभियान दर्शाता है कि संकट की घड़ी में भारतीय विमानन तंत्र और सरकारी एजेंसियां समन्वित तरीके से काम करते हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर रही हैं।











