केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब के दौरे पर पहुंचे और मोगा जिले के किल्ली चहल में भाजपा की विशाल ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया। पंजाब रवाना होने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रिमोट कंट्रोल से चलने वाली ‘आप-दा सरकार’ में पंजाब से कानून व्यवस्था और विकास दोनों गायब हो गए हैं।
अमित शाह ने कहा कि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए मशहूर पंजाब की पवित्र धरती को आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार, नशे और अपराध में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब का हर नागरिक बदलाव चाहता है और भाजपा इस बदलाव का संकल्प लेकर आई है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य पंजाब को गुंडागर्दी, नशे और बेरोजगारी से मुक्त कर विकास के नए रास्ते पर ले जाने का भाजपा का विजन जनता के सामने रखना है। रैली से पहले शुक्रवार को पंजाब भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढाका विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली राज्य में नई राजनीतिक दिशा का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी और आने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा की रणनीति को धार देगी।











