देश में कोविड के मामलों में कमी आ रही है और स्वस्थ होने की दर लगातार बढ रही है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि आज स्वस्थ होने की दर 90 प्रतिशत को पार कर गई है। मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान दो लाख 83 हजार से अधिक लोग इस संक्रमण से ठीक हुए। दो करोड 46 लाख से अधिक रोगी अब तक स्वस्थ हो चुके हैं।
सक्रिय मामलों की दर 8 दशमलव आठ-चार प्रतिशत रह गई है। वर्तमान में 24 लाख 19 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं। कल एक दिन में दो लाख 11 हजार से अधिक नये मामलों की पुष्टि हुई। इसी दौरान 3 हजार 847 रोगियों की इस संक्रमण से मौत हुई । इसके साथ ही कुल मृतक संख्या तीन लाख 15 हजार से अधिक हो गई है।
इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आई सी एम आर ने बताया कि कल 21 लाख 57 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई।
देश में अब तक 33 करोड 69 लाख से अधिक जांच की जा चुकी हैं।