भारत का कोविड टीकाकरण अभियान सौ करोड का आंकडा पार करने की ओर अग्रसर। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक 95 करोड 89 लाख से अधिक कोविड रोधी टीके लगाये जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कल 65 लाख 86 हजार से अधिक टीके लगाये गये। पिछले 24 घंटों के दौरान 14 हजार से अधिक नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस समय लगभग दो लाख 15 हजार से अधिक रोगियों का इलाज चल रहा है जो कुल हुए संक्रमित मरीजों का शून्य दशमलव छह-तीन प्रतिशत है।
मंत्रालय ने कहा है कि स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव शून्य-चार प्रतिशत हो गई है। कल 26 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या तीन करोड़ 33 लाख बीस हजार से अधिक हो गई है। कल एक सौ 81 कोविड मरीजों की मृत्यु भी हुई है। इन्हें मिला कर अब तक लगभग चार लाख 51 हजार मरीज इस बीमारी का शिकार हो चुके हैं।