भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में कल वो पल यादगार होगा जब भारत के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में बनी कोवीशील्ड की पांच लाख खुराक कोलंबो पहुंचेंगी। सूत्रों ने बताया कि श्रीलंका को भारत की तरफ से वैक्सीन का यह उपहार देश की वैक्सीन मैत्री पहल का हिस्सा है। इस पहल के तहत भारत ने सात पडोसी देशों को उपहार के रूप में वैक्सीन के टीके की आपूर्ति की है।
कोविड महामारी से निपटने की इस मानवीय पहल से भारत की पडोस प्रथम की नीति और सागर सिद्धांत की भारत की प्रतिबद्धता का पता चलता है, जिसमें श्रीलंका का महत्वपूर्ण स्थान है। वैक्सीन के इस उपहार से पिछले वर्ष वर्चुअल शिखर बैठक के दौरान श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्ष से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता पूरी हुई है।