ग्लोबल कंटेंट हब के रूप में उभरा भारत: पीएम मोदी से मिले नेटफ्लिक्स सीईओ टेड सारंडोस

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत के तेजी से बढ़ते मनोरंजन उद्योग, डिजिटल मीडिया और देश को एक प्रमुख वैश्विक कंटेंट निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध कहानियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने में डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर जोर दिया।

बैठक के दौरान टेड सारंडोस ने भारतीय मनोरंजन बाजार की जबरदस्त विकास दर और स्थानीय कहानीकारों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने अवगत कराया कि नेटफ्लिक्स भारत में अपने निवेश को बढ़ाने, स्थानीय भाषाओं में कंटेंट तैयार करने और भारतीय युवाओं को फिल्म निर्माण व एनिमेसन के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी साझा किया कि भारतीय कहानियां अब दुनिया भर के दर्जनों देशों में व्यापक रूप से पसंद की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने देश की सृजनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत के पास लोक कथाओं और आधुनिक जीवनशैली का एक अनूठा संगम है, जिसे दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है। इस मुलाकात को भारत के डिजिटल मीडिया सेक्टर में बढ़ते विदेशी निवेश और स्थानीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here