देश में कोविड महामारी की दूसरी लहर के बीच संक्रमित लोगों की संख्या निरंतर घट रही है और स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है। लेकिन कई राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में अब भी दैनिक संक्रमित लोगों की संख्या बढ रही है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारी ने आज बताया कि कुल संक्रमित लोगों में से केवल 15 दशमलव शून्य-सात प्रतिशत मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है। देश में इस समय 36 लाख 73 हजार से अधिक रोगी उपचार करा रहे हैं।
पिछले कई दिनों से रोजाना तीन लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। इसलिए स्वस्थ होने की दर 83 दशमलव आठ-तीन प्रतिशत तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान तीन लाख 53 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। अब तक दो करोड़ चार लाख से अधिक मरीज ठीक हुए हैं।
कल तीन लाख 26 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। इस दौरान तीन हजार 890 लोगों की मृत्यु हुई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या दो लाख 66 हजार से अधिक हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने कहा कि कल 16 लाख 93 हजार से अधिक कोविड जांच की गई। अब तक 31 करोड़ 30 लाख से अधिक जांच की जा चुकी हैं।