केन्द्र ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को अब तक 26 करोड़ 68 लाख कोविड टीके उपलब्ध कराये हैं। ये टीके केन्द्र की ओर से मुफ्त टीका उपलब्ध कराने और प्रत्यक्ष राज्य खरीद व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराये हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक 25 करोड़ 27 लाख से अधिक टीकों की खपत हो चुकी हैं जिनमें बर्बाद होने वाली खुराकें भी शामिल हैं।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि एक करोड़ 40 लाख टीके अभी भी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के पास मौजूद हैं। 96 हजार से अधिक और टीके अगले तीन दिन में राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को मिल जाएंगे।
देश में अब तक 25 करोड 48 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 14 लाख 99 हजार से अधिक टीके लगाये गये।
देश में व्यापक टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण चल रहा है और टीकाकरण ही कोविड महामारी से निपटने के लिए एक कारगर उपाय है। केन्द्र सरकार, राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के सहयोग से टीकाकरण अभियान को और तेज करने में जुटी है।