‘भारत के पास दुनिया की कार्यशाला, हमारे पास वैश्विक बाजार’: मुंबई में हीरा उद्योग को संबोधित करते हुए बोले बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर

मुंबई: भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने मुंबई स्थित भारत डायमंड बोर्स (BDB) में उद्योग प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और रणनीतिक व्यापारिक साझेदारी की सराहना की। उन्होंने भारत और बेल्जियम—विशेषकर एंटवर्प—को एक-दूसरे का आदर्श पूरक बताते हुए कहा कि वैश्विक हीरा उद्योग में भारत विनिर्माण और प्रसंस्करण का सबसे बड़ा केंद्र है, जबकि बेल्जियम के पास दुनिया का प्रमुख व्यापारिक बाजार और व्यापक वैश्विक नेटवर्क मौजूद है।

बार्ट डी वेवर ने रेखांकित किया कि पिछले कुछ दशकों में भारत केवल कम लागत वाली कटिंग और पॉलिशिंग का केंद्र नहीं रहा, बल्कि आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाकर दुनिया की प्रमुख डायमंड वर्कशॉप के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के 10 में से 9 से अधिक हीरों को भारत में तराशा जाता है, और इसके साथ ही भारत हीरे के आभूषणों का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार भी बन चुका है।

एंटवर्प की ताकत का उल्लेख करते हुए बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा, “आपके पास दुनिया की कार्यशाला है और हमारे पास वह केंद्र है जहां पूरी दुनिया मिलती है। हम खरीदारों को जोड़ते हैं, गुणवत्ता सुनिश्चित करते हैं और हमारे पास सदियों का व्यापारिक अनुभव है।” उन्होंने मुंबई में नए एचआरटी (HRD Antwerp) कार्यालय के उद्घाटन को दोनों देशों के बीच संस्थागत संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया। इसके अलावा, उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की प्रगति का स्वागत करते हुए पॉलिश किए गए हीरों पर आयात शुल्क में की गई कटौती को सराहा और भविष्य में व्यापार को सुगम बनाने के लिए टैरिफ को न्यूनतम स्तर पर लाने की वकालत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here