उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में 20 परिवारों ने अलग-अलग धर्म को त्याग कर फिर से हिंदू धर्म अपना लिया है। खुर्जा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक मीनाक्षी सिंह ने बताया, ‘‘20 परिवारों ने अपना धर्म परिवर्तन कर फिर से हिंदू धर्म अपनाया है। इन परिवारों के कम से कम 100 से 125 लोग फिर से हिंदू बन गए हैं। पहले ये लोग क्रिस्चन से संबंध रखते थे लेकिन अब ये लोग सनातन धर्म अपनाकर बहुत खुश हैं”।
बुलंदशहर जिले के खुर्जा में विश्व हिंदू परिषद के धर्म प्रसार विभाग के तत्वावधान में सनातन धर्म में घर वापसी का कार्यक्रम विधिवत भव्यता के साथ आयोजित किया गया, जिसमें जिन लोगों ने विभिन्न परिस्थिति या लोभवश कुछ वर्ष पहले सनातन धर्म को त्याग कर किसी और पूजा पद्धति में सम्मिलित हो गए थे, आज वह पुनः अपने घर में, अपने सनातन हिंदू समाज में वापस लौट कर आए हैं।’’
उन्होंने बताया, ‘‘खुशी खुशी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनके स्वागत का अनुष्ठान किया गया, जिसमें सभी लोगों ने हर्षपूर्वक उपस्थिति जताई है। सभी लोगों ने उस भूल को सुधार करते हुए अपने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और सनातन देवी देवताओं को पूजने का संकल्प लिया है और भारत माता की सेवा रक्षा करने की प्रतिज्ञा की है।’’ सिंह ने बताया 20 परिवारों का घर वापसी का कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न हुआ है।