कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का आज सवेरे गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे। जानेमाने राजनीतिज्ञ को कोविड संक्रमण के कारण स्वास्थ्य गिरने के बाद एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक ट्वीट में उनके पुत्र फैसल पटेल ने कहा कि गुजरात से राज्यसभा के सांसद का आज तड़के निधन हो गया।
उपराष्ट्रपति ने राज्यसभा सांसद अहमद पटेल ने निधन पर दुख व्यक्त किया है।
एक ट्वीट में श्री नायडू ने कहा है कि अहमद पटेल एक अच्छे सांसद थे और उनका सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से गहरा संबंध था। श्री नायडू ने उनके परिवार के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि अहमद पटेल लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में रहे और समाज की सेवा की। श्री मोदी ने कहा कि अहमद पटेल तेज दिमाग और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। श्री मोदी ने उनके पुत्र फैसल से भी बातचीत करके संवेदना व्यक्त की।