किरेन रिजीजू ने कांग्रेस पर, राहुल गांधी के मानहानि मामले में न्यायपालिका पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। एक ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा कि किसी दोषी के लिए अपील दायर करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जाना जरूरी नहीं है, लेकिन राहुल गांधी कांग्रेस के नेताओं और सहयोगियों के एक समूह के साथ व्यक्तिगत रूप से सूरत जा रहे हैं जो केवल न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश है।
संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए किरेन रिजीजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी परिवार को देश से ऊपर मानती है। मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के निचली अदालत के आदेश के खिलाफ अपील करने के लिए राहुल गांधी आज सूरत पहुंचे।
रिजिजू ने कहा कि मेरा सीधा सवाल है, कांग्रेस न्यायपालिका पर इस तरह का अनुचित दबाव बनाने की कोशिश क्यों कर रही है। न्यायिक मामलों से निपटने के तरीके होते हैं. लेकिन क्या यह तरीका है? उन्होंने सवाल किया कि क्या पहले ऐसा कोई मामला देखने में आया है जब कोई पार्टी अदालत का ‘घेराव’ करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राहुल गांधी के लिए यह ‘नौटंकी’ कर रही है क्योंकि वह एक परिवार और एक व्यक्ति को देश और उसके कानूनों से ऊपर मानती है।