पंजाब में मोहाली जिले के फेज-आठ स्थित दशहरा मैदान में रविवार शाम एक ऊंचा झूला टूट कर गिर जाने से छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मोहाली के फेज-छह में स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया।
ड्रॉप टॉवर झूला दुनिया में खतरनाक माना जाता है। ऐसे में इस झूले का संचालन करने के लिए सख्त मानक है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दशहरा मैदान में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कोई प्रबंध नहीं था।
यही कारण है कि हादसे के बाद लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तक की लोगों को सुविधा नहीं मिली। आपातकालीन नंबर भी डिसप्ले नहीं किए गए थे। प्राथमिक उपचार की भी सुविधा नहीं थी।