भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में शराब निति पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में आज दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सिविल लाइंस क्षेत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के निकट धरना दिया। आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मंत्रिपरिषद से निष्कासित करने की मांग की।
इससे पहले दिन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भाजपा में शामिल होने की पेशकश वाले दावों का खंडन किया। भाटिया ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया के पास लोगों के सवालों का कोई जवाब नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल के दिल्ली की जनता के सवालों के उचित जवाब नहीं दे रहे हैं।
इससे पहले सिसोदिया ने दावा किया था कि उन्हें भाजपा में शामिल होने की पेशकश की गई है जिसके बाद उनके खिलाफ सीबीआई और ईडी के सभी मामलों को बंद करने को कहा गया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि उनके खिलाफ सभी आरोप बेबुनियाद हैं।